वाराणसी

2 दिवसीय दौरे पर वाराणसी आयेंगे गृहमंत्री शाह, 4 राज्यों के CM भी रहेंगे साथ; ये रहा कार्यक्रम शेड्यूल

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आयेंगे। उनके साथ बैठक में शामिल होने के लिए 4 राज्यों के मुख्यमंत्री भी आर रहे हैं।

Image

गृह मंत्री शाह (फाइल फोटो)

वाराणसी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वाराणसी में प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर सोमवार शाम को यहां पहुंचेंगे। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, मध्य क्षेत्रीय परिषद की मंगलवार को 25वीं बैठक प्रस्तावित है जिसमें शाह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।

वाराणसी के मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने बताया कि वाराणसी में 24 जून को प्रस्तावित 25वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि इस बैठक में शाह और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ अन्य मन्त्री और अधिकारी शामिल होंगे।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे मंत्रीगण

राजलिंगम ने कहा कि बैठक की तैयारी को लेकर कई स्तर पर चर्चा की जा चुकी हैं और बैठक को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के निर्देशों का भी पालन किया जा रहा है। लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि बैठक में शामिल होने वाले चारों प्रदेश के मुख्यमंत्री सोमवार शाम लाल बहादुर शास्त्री विमानतल पर अमित शाह का स्वागत करेंगे। बयान के अनुसार, सभी अतिथि काशी कोतवाल काल भैरव और बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।

इसके मुताबिक, मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक 24 जून को करीब सुबह 11 बजे से दो बजे तक ताज होटल में प्रस्तावित है। बैठक को लेकर प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। बयान में कहा गया है, “होटल ताज में आयोजित बैठक में सुरक्षा और विकास समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होगी। बैठक में चारों राज्यों के मुख्य सचिव समेत कई विशिष्टजन और नीति आयोग के साथ अंतरराज्यीय परिषद के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

इसके मुताबिक, शाह के वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी ने भी काशी की परंपरा के अनुरूप उनका स्वागत करने की तैयारी की है।

बयान में कहा गया है कि गृह मंत्री का स्वागत 11 स्थानों पर किया जायेगा, जहां पार्टी पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और सामाजिक वर्गों के लोग ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत करेंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article