Vande Bharat: सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। बता दें कि वंदे भारत का डिपो गोरखपुर स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ट्रेनिंग सेंटर के बगल में बनेगा। रेलवे प्रशासन ने डिपो निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया है और रेलवे बोर्ड की हरी झंडी के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस डिपो के बनने के बाद गोरखपुर से कई और वंदे भारत फर्राटा भरेंगी।
डिपो निर्माण का प्रस्ताव तैयार
हिंदी न्यूज वेबसाइट जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वोत्तर रेलवे ने बोर्ड के दिशा-निर्देश के तहत गोरखपुर समेत कई अन्य स्टेशनों से 7 वंदे भारत और दो अमृत भारत सहित 17 ट्रेनों को संचालित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। बता दें कि पहले न्यू वाशिंग पिट में डिपो बनाने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन रेलवे बोर्ड की अनुमति के बाद ही गोरखपुर में डिपो बनने का प्रस्ताव तैयार हुआ।
रेलवे ने जमीन चिह्नित की
बकौल रिपोर्ट, मानीराम रेलवे स्टेशन, नकहा जंगल स्टेशन इन जगहों पर रेलवे ने डिपो बनाने की योजना तैयार की, लेकिन कहीं पर जमीन की कमी तो कहीं पर संसाधनों और अन्य सुविधाओं की वजह से मामला फंस गया। अंतत: गोरखपुर जंक्शन और कैंट स्टेशन के बीच स्थित आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के पीछे जमीन को चिह्नित किया गया है ताकि डिपो बनाया जा सके।
प्रस्ताव पर लगेगी मुहर या नहीं?
डिपो के लिए जमीन चिह्नित हो चुकी है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के पीछे डिपो बन सकता है, लेकिन देखना यह दिलचस्प होगा कि प्रस्ताव पर मुहर लगती है या नहीं।
फर्राटा भर रही वंदे भारत
वंदे भारत 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रैक पर फर्राटा भरने की क्षमता रखती है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के परीक्षण का वीडियो जारी किया।
उन्होंने कहा, ''वीडियो में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के अंदर एक समतल सतह पर मोबाइल फोन के बगल में पानी से भरा हुआ गिलास रखा दिखाया गया है। इसमें ट्रेन के 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार अख्तियार करने के बावजूद पानी का स्तर स्थिर बना हुआ नजर आता है, जो दर्शाता है कि यह हाई-स्पीड रेल यात्रा कितनी आरामदायक होगी।''
