Vaishno Devi Yatra Update: माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) प्रशासन ने शनिवार को एक बड़ा निर्णय लिया। भवन क्षेत्र में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शनिवार शाम को यात्रा पंजीकरण काउंटरों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। स्थिति सामान्य होने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद आज यानी रविवार सुबह 4 बजे के बाद यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया और इसके साथ ही पंजीकरण प्रक्रिया भी बहाल कर दी गई है।
छुट्टियों के कारण कटरा में उमड़ी भीड़
दरअसल, देश भर में चल रही गर्मियों की छुट्टियों और वीकेंड के चलते पवित्र पावन नगरी कटरा में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिल रही है। देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के इस भारी आगमन के कारण त्रिकुटा पर्वत पर स्थित मुख्य भवन क्षेत्र में यात्रियों का दबाव अपनी तय सीमा से लगातार बढ़ता जा रहा था। ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति की बारीकी से समीक्षा की और शनिवार शाम को यात्रा को कुछ समय के लिए रोकने का सामूहिक फैसला लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- पंजाब में बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों के तबादले, मुख्य सचिव ने जारी किए आदेश; जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
45 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया था रजिस्ट्रेशन
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को पंजीकरण काउंटर बंद किए जाने तक करीब 45 हजार श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके थे। इतनी बड़ी तादाद में यात्रियों के ट्रैक और भवन पर मौजूद होने के कारण भीड़ प्रबंधन को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि यात्रा पंजीकरण को अस्थायी रूप से रोकने का यह कदम केवल और केवल माता के दरबार में आने वाले भक्तों की सुरक्षा, उनकी सुविधा और पूरी यात्रा व्यवस्था को सुचारु एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए उठाया गया था।
अब स्थिति सामान्य
आज रविवार सुबह 4 बजे जैसे ही यात्रा पंजीकरण दोबारा शुरू हुआ, काउंटरों पर भक्तों की कतारें देखने को मिलीं। अब यात्रा पूरी तरह से नियंत्रित और सुचारु रूप से चल रही है। श्राइन बोर्ड के अधिकारी लगातार भीड़ की निगरानी कर रहे हैं और अर्धकुंवारी से लेकर भवन तक सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। प्रशासन ने कटड़ा पहुंचने वाले अन्य तीर्थयात्रियों से भी अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और भीड़ के आधिकारिक अपडेट को देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
