Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। देवप्रयाग कोतवाली के कोतवाल कृष्ण कांत ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के वक्त इस टैक्सी में कुल पांच लोग सवार थे। ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर पाली पुलिया के पास पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।
चंडीगढ़ से चमोली जा रही टैक्सी खाई में गिरी
SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। खाई में गिरे वाहन और उसमें सवार अन्य तीन लोगों की तलाश और सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा के लिहाज से यह हादसा एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। रेस्क्यू कर तीन लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में आज पंजाब बंद, बाजारों से लेकर स्कूलों तक पर दिख रहा असर, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घायलों का इलाज जारी
पंकज भट्ट, SDM, कीर्ति नगर ने बताया, "यह घटना 5:45 की है और बताया जा रहा है कि यात्री चंडीगढ़ के हैं। यह गाड़ी चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी। सूचना मिलते ही देवप्रयाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SDRF को भी सूचित किया गया और वे भी मौके पर पहुंचे हैं। कार में 5 लोग सवार थे, जिनमें से 2 की मौत हो गई। अन्य 3 लोगों को बचा लिया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।
