शहर

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 48 घंटे में खुलेंगे कई अहम राज? UP सरकार को फाइनल रिपोर्ट सौंप सकती है SIT

Ram Mandir Donation Probe: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी अगले 24 से 48 घंटे के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंप सकती है।

Image

अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर (फोटो साभार: @ShriRamTeerth)

Photo : Twitter

Ram Mandir Donation Probe: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले को लेकर बुधवार को एक बड़ी जानकारी सामने आई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चढ़ावा चोरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) अगले 24 से 48 घंटे के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंप सकती है। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम रिपोर्ट गुरुवार या शुक्रवार तक सरकार को सौंपे जाने की संभावना है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि एसआईटी जांच की समयसीमा और आगे बढ़ाने जाने की संभावना बेहद कम है। यूपी सरकार ने एक जुलाई को जांच का दायरा बढ़ाने और मामले की व्यापक जांच के लिए एसआईटी को 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया था।

प्रारंभिक रिपोर्ट में चौंकाने वाले दावे

एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले दावे किए गए। बकौल रिपोर्ट, 27 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच सीसीटीवी फुटेज में लगभग 70 संदिग्ध घटनाएं रिकॉर्ड हुईं। रिपोर्ट में दावा किया गया कि चढ़ावे की गिनती करने वाले कुछ कर्मचारी नकदी की गड्डियां छिपाते हुए दिखाई दिए।

बकौल रिपोर्ट, शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। मंदिर परिसर में एंट्री और एग्जिट के समय कर्मचारियों की तलाशी नहीं होती थी और न ही निजी सामान पर पर्याप्त निगरानी होती थी। साथ ही, अलग-अलग दानपात्रों से निकली नकदी की एक साथ गिनती की जा रही थी। एसआईटी का मानना है कि इन खामियों के चलते कथित गड़बड़ी संभव हो सकी।

लाखों रुपये की बरामदगी का दावा

बकौल रिपोर्ट, जांच शुरू होने से पहले कुछ कर्मचारियों के पास से लगभग 78.94 लाख रुपये जब्त किए गए। इसके अलावा, 4 जून 2026 को काउंटिंग रूम से जुड़े बाथरूम से कथित तौर पर सवा दो लाख रुपये और जब्त किए गए। हालांकि, एसआईटी को सोशल मीडिया पर किए गए उन दावों के समर्थन में प्रथमदृष्टता कोई सबूत नहीं मिले, जिनमें मंदिर से चांदी की ईंटें या अन्य कीमती चढ़ावा गायब होने की संभावना जताई गई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article