Moradabad News: मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी इब्राहिम को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह मामला टाइम्स नाउ नवभारत पर प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद काफी चर्चा में आया था।
मुरादाबाद पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को मुगलपुरा इलाके में ट्यूशन से लौट रही कक्षा आठ की एक छात्रा को सुनसान रास्ते पर साइकिल सवार युवक ने रोका और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हुआ, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए थे, क्योंकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान नागफनी थाना क्षेत्र के नवाबपुरा निवासी इब्राहिम के रूप में की थी। शुरुआत में उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया, लेकिन लंबे समय तक पकड़ में न आने पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई। करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी के अनुसार, इब्राहिम के खिलाफ पहले से ही करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पीड़िता और उसके परिवार को राहत मिली है।
