उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (11 February 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, राज्य में कोहरे का प्रभाव अब अपने अंतिम चरण में है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान पहले ही सामान्य स्तर से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि पूर्वी जिलों जैसे गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया और वाराणसी में सुबह के समय कोहरे के लिए चेतावनी जारी है। हालांकि, इन क्षेत्रों में कोहरा केवल सुबह तक ही रहेगा और इसके बाद धूप खिलने के संकेत हैं।
यूपी का मौसम
मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। किसी भी सक्रिय मौसम प्रणाली के न होने के कारण तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि जारी रहेगी। सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन के समय धूप से लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी। हालांकि, मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप देखने को मिली। दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 11 फरवरी, बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन में हल्की से तेज हवाओं के चलने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
वायु गुणवत्ता पर पड़ा असर
हालांकि इन दिनों, सूरज की चमक बढ़ गई है, सुबह-शाम हल्की सर्दी और कोहरे की वापसी से लखनऊ जैसे महानगरों में वायु गुणवत्ता पर असर पड़ा है। मंगलवार शाम 7 बजे लखनऊ का AQI 176 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक स्तर में आता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड और गलन बनी रहेगी।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
कुछ जगहों पर सुबह और रात को कोहरे के आसार हैं। 12 फरवरी, गुरुवार को मौसम शुष्क और साफ रहेगा, सुबह हल्की हवा चलेगी और दिन में तेज धूप रहेगी। इसके बाद 13 और 14 फरवरी तक भी मौसम में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। 14 फरवरी तक बारिश का कोई अनुमान नहीं है और वेलेंटाइन डे पर धूप खिली रहेगी।
