Muzaffarnagar Crime: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई। जब एक गांव के बाहर खड़ी लावारिस कार में एक युवती की खून से लथपथ लाश मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया जा रहा है की युवती की गोली मारकर हत्या कर शव को कार में ठिकाने लगाया गया था।
मुजफ्फरनगर में कार में मिली युवती की लाश।
जानकारी के मुताबिक, खतौली कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव रसूलपुर में एक 28 वर्षीय युवती हिमांशी की उसके मामा भरतवीर के परिजनों ने गोली मारकर हत्या कर शव को कार में डालकर गांव के बाहर छोड़ दिया है। घटना की सूचना पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत पुलिस फोर्स के साथ फॉरेंसिक टीम को लेकर मौके पर पहुंचे, जहां टीम ने चप्पे चप्पे की बारीकी से जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
परिवार में इकलौती थी हिमांशी
बताया जा रहा है हिमांशी अपने परिवार में एकलौती थी और कुछ समय पहले हिमांशी के पिता की मृत्यु भी हो गई थी। जिसके बाद हिमांशी ने विनीत नाम के एक युवक से कोर्ट मैरिज कर ली थी। बताया जा रहा है कि हिमांशी और विनीत की कोर्ट मैरिज के बाद उनके परिवार वाले उनकी शादी को लेकर राजी हो गए थे और 12 नवंबर को उनकी शादी होनी थी।
मामा से प्रॉपर्टी को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक हिमांशी अपने मामा भारतवीर के यहां रहती थी। हिमांशी के पति विनीत का आरोप है कि मृतक हिमांशी के मामा और उसके बच्चों ने हिमांशी की सारी प्रॉपर्टी बिक़वाकर उसके पैसे और ज्वेलरी हड़प ली थी। जिसको लेकर हिमांशी और उसके मामा के परिवार में विवाद भी हुआ था। विनीत का आरोप है कि इसी के चलते हिमांशी की हत्या की गई है। आलाधिकारियों की माने तो मृतक हिमांशी के मामा का परिवार मौके से फरार है जिनकी तलाश कर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
