शहर

फिरोजाबाद में बड़ा हादसा, तीर्थ यात्रियों से भरी बस कैंटर से टकराई, तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर तीर्थयात्रियों से भरी बस कैंटर से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत और पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Image

फिरोजाबाद में बड़ा हादसा, तीर्थ यात्रियों से भरी बस कैंटर से टकराई, तीन की मौत

फिरोजाबाद: जनपद के नसीरपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अयोध्या से वृंदावन जा रही एक यात्री बस शुक्रवार को सड़क पर खड़े एक कैंटर से पीछे से टकरा गई जिससे उसमें सवार तीन तीर्थयात्रियों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में अन्य पांच घायल यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गुजरात से उत्तर प्रदेश की तीर्थ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की एक बस शुक्रवार सुबह एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। यह बस सड़क पर खड़े एक कैंटर से पीछे से टकरा गई जिससे उसमें सवार आठ यात्री बुरी तरह घायल हो गये।

40 तीर्थयात्रियों से भरी थी बस

उन्होंने बताया कि बस गुजरात के करीब 40 तीर्थयात्रियों से भरी थी और अयोध्या से वृं दावन जा रही थी। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह छह बजे हुआ जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ग्रामीण ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों में से राधा बेन (60 वर्षीय)पत्नी कांतिभाई, इशा पटेल (दो वर्ष) पुत्री बीएल पटेल और 13 वर्षीय युग पुत्र मिलन की उपचार के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पांच अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर यातायात कुछ देर के लिये अवरुद्ध हो गया, लेकिन कुछ देर बाद इसे शुरू करा दिया गया। मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article