UP Police IPS Transfer List : उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को एक बार फिर पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। डीजी, एडीजी और आईजी स्तर के कुल 9 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस सूची में चार डीजी, चार एडीजी और एक आईजी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। फिलहाल, जय नारायण सिंह को पुलिस महानिदेशक (डीजी) ईओडब्ल्यू, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ध्रुव कांत ठाकुर को पुलिस महानिदेशक होमगार्ड के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया सौंपा गया है।
यूपी में आईपीएस अधिकारियों का हुआ तबादला
वहीं, बिनोद कुमार सिंह को डीजी सीआईडी लखनऊ के साथ डीजी साइबर क्राइम और यूपी-112 की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। आलोक सिंह को डीजी पीएसी मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है और उनके पास विशेष सुरक्षा बल का अतिरिक्त चार्ज भी रहेगा।
इसके अलावा एडीजी आगरा जोन रहीं अनुपम कुलश्रेष्ठ को अब एडीजी कानपुर नियुक्त किया गया है। एडीजी ए. सतीश गणेश को ट्रैफिक एवं सड़क सुरक्षा निदेशालय लखनऊ के साथ अपराध शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। आरके स्वर्णकार को एडीजी पीएसी से हटाकर एडीजी यूपी पावर कॉरपोरेशन लखनऊ बनाया गया है। वहीं एसके भगत को एडीजी अपराध लखनऊ से आगरा जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।
आईजी स्तर पर भी बदलाव किया गया है। आईजी अभियोजन गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय लखनऊ भेजा गया है। इस बड़े फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और जल्द ही अन्य विभागों में भी तबादलों की संभावना जताई जा रही है।
