Shamli Encounter: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस और जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। शामली पुलिस की टीम के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में अंकित की हत्या में शामिल दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने ढेर कर दिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मारे गए बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
अंकित बालियान (फाइल फोटो | Instagram)
एनकाउंटर में मारे गए बदमाश मोहित और सुमित
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली की तरफ आ रहे थे। सूचना पर सभी थानों को मौके पर बुलाया गया। बदमाश पुलिस को चकमा देते हुए मन्ना माजरा की तरफ दौड़ गए। इस दौरान होटल राजमहल के निकट बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी है, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। मारे गए दोनों बदमाशों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर दोनों बदमाश अंकित बालियान पर गोलियां बरसाने की वारदात में सीधे तौर पर शामिल थे। SP नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान दो बदमाश बाइक से आते हुए दिखे, पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर तकरीबन 15 राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें 2 पुलिस वाले घायल हो गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा फायरिंग में 2 बदमाश घायल हो गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
जिम के बाहर दर्जनों गोलियों से भूनकर की थी हत्या
अगस्त के महीने में शामली कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाले के पास उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे 32 वर्षीय सिंगर अंकित बालियान पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। बदमाशों ने अंकित पर करीब 18 से अधिक राउंड फायरिंग की थी, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर मौके से बाइक से फरार हो गए थे। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हरियाणा से जुड़े शूटरों, आर्यन, सत्यम, मोहित और सुमित की कड़ियां सामने आई थीं।
गोगी गैंग कनेक्शन और सोशल मीडिया पोस्ट
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कुख्यात गोगी गैंग के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया गया था कि अंकित विरोधी गैंग के संपर्क में था और उसने एक गाने के जरिए गैंग को निशाना बनाया था। हालांकि पुलिस और UP STF की टीमें इस पूरे मामले में साजिशकर्ता, हथियार उपलब्ध कराने वालों और सुपारी देने वाले मुख्य आकाओं का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी हुई हैं।
