Kushinagar Police Encounter: कुशीनगर में पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशु यादव के बीच मुठभेड़ हो गई। तरयासुजान क्षेत्र में उसने इलाज के लिए ले जाते समय दरोगा की सरकारी पिस्टल निकालकर भागने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से पिस्टल, मैगजीन, आठ कारतूस और फायरशुदा कारतूस बरामद हुए।
चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर चढ़ाया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ तरयासुजान थाना क्षेत्र के झड़वा रेलवे अंडरपास के पास हुई। कार्रवाई में तमकुहीराज, तरयासुजान थाना पुलिस के साथ स्वाट टीम भी शामिल रही। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले चेकिंग के दौरान आशु यादव और उसके साथियों ने पुलिस टीम को कुचलने के इरादे से ट्रक चढ़ाने की कोशिश की थी। इस घटना में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले की जांच के दौरान कुल चार अभियुक्तों की पहचान हुई थी, जिनमें से तीन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। घटना में शामिल आरोपी आशु यादव फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इलाज के बहाने दरोगा की पिस्टल लेकर भागा बदमाश
पुलिस के मुताबिक, आशु यादव की गिरफ्तारी के बाद उसने रास्ते में पेट दर्द होने का बहाना बनाया। पुलिस टीम उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थी। तभी उसने एक दरोगा की सरकारी पिस्टल निकाल ली और पुलिस से बचकर भागने लगा। इस दौरान आशु ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करते हुए फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आशु यादव के कब्जे से दरोगा की सरकारी पिस्टल, मैगजीन, आठ कारतूस और फायर किए गए कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी आशु यादव बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के विन्दवलिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
