शहर

Hamirpur Bridge Collapse: हमीरपुर में तेज आंधी से ढहा निर्माणाधीन पुल; मलबे में दबकर 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत, CM ने की मुआवजे की घोषणा

Hamirpur Bridge Collapse News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के लालपुर में भीषण आंधी-तूफान के कारण एक निर्माणाधीन पुल गिर गया है। इस दर्दनाक हादसे में 5 मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई है, जबकि कई थानों की पुलिस स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

Image

तेज आंधी से गिरा पुल

Photo : Times Now Digital

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार शाम को कुदरत के कहर और प्रशासनिक लापरवाही के गठजोड़ ने पांच मजदूरों की जान ले ली। जिले में आए अचानक भीषण आंधी-तूफान के चलते एक बड़ा निर्माणाधीन पुल ढह गया। पुल का भारी-भरकम ढांचा गिरते ही वहां काम कर रहे मजदूर उसके मलबे के नीचे जिंदा दफन हो गए। इस हादसे में अब तक 5 मजदूरों के शव मलबे से बाहर निकाले जा चुके हैं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के भीतर अभी भी कुछ और मजदूर फंसे हो सकते हैं।

मोराकंदर और मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहा था ब्रिज

यह दर्दनाक हादसा हमीरपुर जिले के लालपुर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, थाना ललपुरा के मोराकंदर और कुरारा क्षेत्र के मवाईजार गांव को आपस में जोड़ने के लिए इस ब्रिज का निर्माण किया जा रहा था। पुल का काम काफी तेजी से चल रहा था और रोजाना की तरह कई मजदूर वहां काम कर रहे थे, तभी अचानक मौसम ने करवट बदली और यह भयावह हादसा हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हवाओं का वेग इतना तेज था कि निर्माणाधीन पुल का ढांचा इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। पुल के अचानक गिरने से मजदूरों को भागने या संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे ही दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लालपुरा थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल के साथ स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में हाथ बंटाने लगे। आशंका है कि अब भी कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

ASP हमीरपुर, अरविंद कुमार वर्मा ने कहा, कि "... हमें रात लगभग 2 बजे सूचना मिली कि यहां स्लैब गिर गया है, जिसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। तुरंत स्थानीय पुलिस और हम सब इस सूचना पर यहां पहुंच गए। आप देख सकते हैं कि तीन लोग खंभे पर फंसे हुए हैं, उनके बचाव के लिए SDRF और हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है... हमने 6 में से 5 लोगों की पहचान कर ली है जो फंसे हुए हैं। हम स्लैब हटाकर उन्हें बाहर निकालेंगे।

CM ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी के निर्माणाधीन पुल पर हुई दर्दनाक दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी तबाही का भी संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article