Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि से ठीक पहले एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। बुर्का पहनकर कंधे पर कांवड़ उठाए और 'बम भोले' का जयकारा लगाते हुए एक महिला इन दिनों कौतुहल का विषय बनी हुई हैं। यह महिला संभल जनपद के गांव की बताई जा रही हैं, जिनका नाम तमन्ना है। चार साल पहले तमन्ना ने अमन त्यागी नामक हिंदू युवक से शादी की थी।
कांवड़ लेकर आई बुर्काधारी महिला
रास्तों में उमड़ी भारी भीड़
बुर्का पहने हुए तमन्ना की आस्था और अनोखे अंदाज को देखने के लिए रास्तों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके चलते पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। इस दौरान, पुलिस बुर्काधारी तमन्ना के चारों तरफ घेरा बनाकर चलते हुए नजर आई और लोग उन्हें देखने व उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते रहे।
अमन से तमन्ना करती थी प्यार
असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसई निवासी तमन्ना को चार साल पहले स्थानीय निवासी अमन त्यागी से प्यार हो गया। इसके बाद, परिवार की सहमति से दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद तमन्ना को तुलसी नाम दिया गया और दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। दंपत्ति के दो बच्चे हैं और पूरा परिवार गांव में ही रहता है।
मन्नत पूरी होने पर लाई कांवड़
तमन्ना ने कई साल पहले मन्नत मांगी थी, जिसके पूरा होने पर कावड़ लाने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि उनकी मुराद पूरी हुई इसलिए वह कांवड़ लेकर आई हैं। जब उन्हें हिंदू अमन से प्यार हुआ तब उन्होंने मन्नत मांगी थी कि अगर अमन उन्हें मिल गए तो वह कांवड़ लेकर आएंगी।
तमन्ना ने बताया कि वह बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर चलीं तो कुछ जगह लोगों ने उन्हें परेशान करने की कोशिश की, लेकिन बाद में पुलिस ने उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे अब उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी मन्नत पूरी हो चुकी है और वह पूरे श्रद्धा भाव से जलाभिषेक करने आई हैं।
बता दें कि सीओ और कोतवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तमन्ना के साथ चल रहा है। जहां ज्यादा भीड़ हो जाती है वहां पुलिसकर्मी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर घेरा बनाते हैं, ताकि कोई अवांछनीय तत्व तमन्ना तक न पहुंच पाए।
