शहर

Badaun Encounter: 12 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले और पुलिस के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपी के पैर में लगी गोली

Badaun Crime News: बदायूं के वजीरगंज में 12 साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, वहीं एक सिपाही भी घायल हुआ है।

Image

मुठभेड़ में घायल आरोपी

Photo : Times Now Digital

Badaun Encounter: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां 12 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले आरोपी को पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर एक मुठभेड़ में धर दबोचा है। वजीरगंज थाना पुलिस और आरोपी के बीच हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। वहीं, इस मुठभेड़ में बदमाश का बहादुरी से मुकाबला करते हुए पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है।

आंवला रोड पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

बिसौली के क्षेत्राधिकारी (CO) अंशुमन श्रीवास्तव ने मामले की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की अत्यंत संवेदनशील घटना सामने आई थी। पीड़ित बच्ची के पिता से तहरीर प्राप्त कर पुलिस ने तुरंत पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और SC/ST एक्ट समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आँवला रोड के कुंवरगांव चौराहे के पास अभियुक्त को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग कर दी।

मुठभेड़ में सिपाही और आरोपी दोनों घायल, तमंचा बरामद

बदमाश की तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस का एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की एक गोली अभियुक्त के बाएं पैर में जा लगी और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना स्थल से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी और जख्मी सिपाही को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से कायम है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article