शहर

Amethi News: स्कूल बस और दूध टैंकर की आमने-सामने टक्कर, भिड़ंत के बाद घर में घुसी बस; 25 मासूम बच्चे घायल

Amethi News: यूपी के अमेठी में अयोध्या मार्ग पर स्कूल बस और दूध टैंकर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बस ड्राइवर समेत 25 स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं।

Image

घर में घुसी बस

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक बेहद चिंताजनक और बड़ा हादसा सामने आया है। यहां भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के अंतर्गत अयोध्या मार्ग पर थौरी रानीगंज गांव के पास एक स्कूल बस और दूध के टैंकर के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित होकर स्कूल बस सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत 25 स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर बचाई जान

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायल बच्चों और ड्राइवर को तुरंत निजी अस्पताल तथा नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दो बच्चों के पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है, जबकि अन्य बच्चों को हल्की व मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायल बच्चों का इलाज जारी है।

गलत दिशा और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही

हादसे की प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन और चालक की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, स्कूल बस गलत दिशा से आ रही थी, जिसके कारण सामने से आ रहे दूध टैंकर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सरकारी छुट्टी के बावजूद स्कूल क्यों खोला गया था और बच्चों को बस से क्यों ले जाया जा रहा था। बता दें कि अमेठी में भारी बारिश के कारण आज नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद किए गए थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article