UP Ka Mausam (08 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में जनवरी की शुरुआत भीषण सर्दी के साथ हुई है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से ही 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे गलन बढ़ गई है। हालांकि तेज हवा के कारण कोहरे का असर कुछ हद तक कम दिखा, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
तापमान सामान्य से नीचे
मौसम विभाग ने राजधानी में दिन के समय कोल्ड-डे को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से लगभग चार डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। नमी का स्तर करीब 70 फीसदी रहने से सर्दी का असर और ज्यादा महसूस किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से जल्द मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पिछले सप्ताह पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं ने तापमान को तेजी से गिराया था, लेकिन अब 9 से 11 जनवरी के बीच कोहरे की तीव्रता में कमी और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
30 जिलों में कोहरा
प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी ठंड और कोहरे का असर बना हुआ है। गुरुवार सुबह आगरा, गोरखपुर समेत करीब 30 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे, जहां कुछ स्थानों पर दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई। लखनऊ, कानपुर सहित 26 जिलों में दिनभर कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही और धूप निकलना मुश्किल हो गया। कड़ाके की सर्दी को देखते हुए प्रदेशभर में कक्षा 8 तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद रखे गए हैं। उच्च कक्षाओं के स्कूल सीमित समय यानी सुबह 10 बजे से खोले जा रहे हैं। कुछ जिलों में 12वीं तक के स्कूलों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनें व उड़ानें देरी से चल रही हैं।
सबसे ठंडे जिले और आगे का पूर्वानुमान
बीते 24 घंटों में आजमगढ़ और अयोध्या सबसे ठंडे दर्ज किए गए, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गोरखपुर, चुर्क और अलीगढ़ में भी पारा 7 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी को पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रह सकता है, जबकि 10 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने से तापमान में करीब दो डिग्री की और गिरावट संभव है।
