यूपी में आज का मौसम (22 April 2026 UP Weather Today): उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अप्रैल में ही मई-जून जैसी तीखी गर्मी का एहसास हो रहा है। अधिकांश जिलों में दिन का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला प्रयागराज 44.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रहा। यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। खासतौर से बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश से सटे दक्षिणी जिलों में तेज धूप और लू के थपेड़े परेशान कर रहे हैं। आज भी यूपी के कई जिले लू की चपेट में बने रहेंगे। मौसम विभाग ने 32 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में भीषण गर्मी का प्रकोप (AI Image)
यूपी के किन जिलों में लू का अलर्ट (UP Ka Mausam)
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर आजमगढ़, मऊ, बलिया, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अयोध्या, अंबेडकर नगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी और सुल्तानपुर।
यूपी में 4 दिन लू का अलर्ट
यूपी में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। 27 अप्रैल को यूपी के पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं पूर्वी हिस्से में इस दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में भी लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। यहां भी दिन का पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटे के दौरान लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। लखनऊ में आज भी मौसम गर्म और शुष्क रहने वाला है। दिन में तेज गर्मी परेशान कर सकती है। आज यहां का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दो दिन बाद लखनऊ में भी हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
