शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (20 Mar 2026) UP Weather Today: यूपी में कुदरत का 'रौद्र रूप', पूरे राज्य में आंधी-बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20 Mar 2026: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी पर कुदरत ने 'ब्रेक' लगा दिया है। आज, शुक्रवार की सुबह यूपी के कई हिस्सों में घने काले बादलों और ठंडी हवाओं के साथ हुई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पूरे राज्य में मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं यूपी के मौसम का हाल।

Image

समूचे प्रदेश में आज आएगी बारिश

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (20 Mar 2026): उत्तर प्रदेश में आज मौसम का अलग रंग देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां चिलचिलाती धूप से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर गरज-चमक और ओलावृष्टि ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से पीलीभीत, मेरठ और नोएडा समेत कई जिलों में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के बड़े हिस्से में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

50 से 75 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आंचलिक मौसम केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, आज प्रदेश के लगभग 50 जिलों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने वाली हैं। मथुरा, नोएडा और आगरा जैसे पश्चिमी जिलों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। मथुरा में तो हाल ही में 87 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई है। इस आंधी-तूफान के कारण पेड़ों के गिरने और बिजली के खंभों को नुकसान पहुँचने की आशंका है।

इन 26 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज यूपी के 26 जिलों में ओले गिर सकते हैं। इनमें मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर, फतेहपुर और बांदा जैसे जिले शामिल हैं। ओलावृष्टि और तेज बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना है, जिससे किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

UP IMD Alert Today

पूरे यूपी में आज बारिश-आंधी और ओले गिरने का अलर्ट (IMD)

लखनऊ, नोएडा और वाराणसी का हाल

लखनऊ: राजधानी में दोपहर बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने के आसार हैं। यहां 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली से सटे नोएडा शहर में तापमान गिरकर 25 डिग्री तक आ गया है। बारिश की वजह से यहां की हवा (AQI) भी साफ हुई है। वहीं वाराणसी और आसपास के पूर्वी जिलों में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना रहेगा।

7 डिग्री तक लुढ़केगा पारा

अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आने वाली है। जो पारा 34 डिग्री के पार जा रहा था, वह अब 25 डिग्री के आसपास सिमट जाएगा। हालांकि, यह राहत लंबे समय तक नहीं टिकेगी, क्योंकि 22 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जिससे मौसम में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article