यूपी में आज का मौसम (19 April 2026 Uttar Pradesh Weather Today): उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने लगी है। शुक्रवार को यूपी में 45 डिग्री के पार तापमान पहुंच गया। बांदा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश का सबसे गर्म जिला रहा। शुक्रवार को यूपी में इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले साल 27 अप्रैल को राज्य में पहली बार अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचा था। लेकिन इस बार दस दिन पहले ही गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में सूरज की तपिश आग उगलने जैसी प्रतीत हो रही है। साथ ही गर्म हवाएं भी चल रही है। कई जिलों में लू का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है।
सांकेतिक फोटो
यूपी में 19 अप्रैल को कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदासनगर और आसपास के इलाकों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म और उमस भरी होने लगी हैं। खासतौर पर पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का कहर ज्यादा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है।
यूपी में 3 दिन लू का अलर्ट
यूपी में अगले तीन दिनों के लिए लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 19 के 20 अप्रैल को भी बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज के साथ मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली और संत रविदास नगर लू की चपेट में रह सकते हैं। जिसके बाद 21 अप्रैल को प्रतापगढ़ और जौनपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, शुष्क पछुआ हवाओं और आंतरिक महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात के असर से राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म दक्षिण-पश्चिमी हवाएं यूपी में तेजी से गर्मी बढ़ा रही हैं।
यूपी में दिन के साथ रातें भी गर्म
यूपी का बांदा 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। जिसके बाद प्रयागराज में 44 डिग्री, झांसी में 43.2 डिग्री, आगरा में 42.2 डिग्री और हमीरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास या उससे अधिक दर्ज हुआ। मुरादाबाद में 26.2 डिग्री, हमीरपुर में 26.2 डिग्री, बांदा में 25.2 डिग्री, प्रयागराज में 24.6 डिग्री, झांसी में 24.4 डिग्री, लखनऊ में 25 डिग्री और गोरखपुर में 24.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
