यूपी में आज का मौसम (16 May 2026): उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं (लू) ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। पिछले एक हफ्ते से बदले मौसम के मिजाज के बाद अब गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के आठ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए शनिवार को भारी लू चलने की आशंका जताई है। तपिश का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 24 घंटों में बांदा 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
यूपी में गर्मी से हाहाकार, कई जिलों में 40 के पार पारा
इन 8 जिलों में आज 'लू' का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को मुख्य रूप से बुंदेलखंड और उससे सटे इलाकों में गर्म हवाओं के थपेड़े चलेंगे। जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं। राजधानी लखनऊ में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार सुबह लखनऊ और बरेली में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर की तेज धूप और उमस ने लोगों को जमकर परेशान किया।
इकाना स्टेडियम में खिलाड़ियों ने रखा मौन
बीते बुधवार और गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई भीषण आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है। इस त्रासदी पर खेल जगत ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। शुक्रवार शाम लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हुए मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने 2 मिनट का मौन रखकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा का संज्ञान लेते हुए मृतकों के पीड़ित परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस जान-माल के नुकसान पर अपना दुख जता चुके हैं।
यूपी में कब एंट्री करेगा मानसून
भीषण गर्मी से जूझ रहे यूपी वासियों के लिए एक अच्छी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून केरल में तय समय से पहले यानी 26 मई को दस्तक दे सकता है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अनुमान लगाया गया है कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। इसके अलावा, जारी प्री-मानसून गतिविधियों के कारण 18 मई से ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
इस ऐप से मिलेगी मौसम की जानकारी
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि प्री-मानसून और मानसून के दौरान आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से भारी जनहानि होती है। इससे बचने के लिए मौसम विभाग ने नागरिकों और विशेषकर किसानों से 'दामिनी-लाइटनिंग अलर्ट एप' का उपयोग करने की सलाह दी है। यह मोबाइल ऐप उपयोगकर्ता की जीपीएस (GPS) लोकेशन के आधार पर काम करता है और आपके 20 से 40 किलोमीटर के दायरे में बिजली गिरने की संभावित घटना से ठीक पहले अलर्ट भेजकर आपको सावधान कर देता है।
