शहर

BBD यूनिवर्सिटी में भारी बवाल: 4 रोटियों के लिए वार्डन ने छात्र को पीटा; कैंपस में हंगामा, हाईवे जाम करने की कोशिश

लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में शुक्रवार रात हॉस्टल वार्डन ने कथित तौर पर एक छात्र को पीट दिया जाने के बाद भारी हंगामा हुआ। 700 से अधिक छात्रों ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जाम करने की कोशिश की और तोड़फोड़ की। पुलिस और पीएसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

Image

हंगामे के दौरान घटनास्थल पर तैनात पुलिस

Photo : Times Now Digital

राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित बाबू बनारसी दास (BBD) विश्वविद्यालय में शुक्रवार रात उस समय हिंसा भड़क उठी, जब हॉस्टल के मेस में खाने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। हॉस्टल इंचार्ज (वार्डन) द्वारा एक छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद सैकड़ों छात्र भड़क उठे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) को तैनात करना पड़ा।

विवाद की वजह: सिर्फ 4 रोटियों के लिए बर्बरता

हॉस्टल के एक प्रथम वर्ष के छात्र ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "एक छात्र ने बाहर से खाना मंगवाया था और उसे मेस से सिर्फ 4 या 5 रोटियां चाहिए थीं। जब वह रोटी अपने कमरे में ले जाने लगा, तो वार्डन ने जबरन उसका हाथ पकड़ लिया और उसे अपने दफ्तर में ले गया। वहां कमरे के अंदर छात्र के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसका वीडियो एविडेंस भी हमारे पास है।"

कैंपस में तोड़फोड़ और लखनऊ-अयोध्या हाईवे जाम

वार्डन द्वारा छात्र की पिटाई की खबर जैसे ही हॉस्टल में फैली, करीब 700 से अधिक छात्र सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, कागज फाड़ दिए और यूनिवर्सिटी के सामने से गुजरने वाले व्यस्त लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जाम करने की कोशिश की। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में लगातार बेहद खराब और अस्वच्छ खाना परोसा जा रहा है, और जब भी कोई इसकी शिकायत करता है, तो उसके साथ बदसलूकी की जाती है।

पुलिस और प्रशासन पर भी छात्रों को पीटने का आरोप

हंगामा बढ़ता देख यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया। छात्रों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस और यूनिवर्सिटी के सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां भांजी, जिसमें 2 से 3 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य छात्र ने कहा, "हम सिर्फ साफ और अच्छे खाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन हमारी आवाज दबाने के लिए पुलिस से पिटवाया जा रहा है।"

भारी पुलिस बल और PAC तैनात, स्थिति नियंत्रण में

फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और एहतियात के तौर पर पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर हंगामा कर रहे छात्रों को समझा-बुझाकर हाईवे से हटाया और स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर दोषी वार्डन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article