यूपी में आज का मौसम (13 Apr 2026): उत्तर प्रदेश में सुहाने मौसम का दौर अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है और भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। बैसाख की शुरुआत के साथ ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा। पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने और आसमान साफ रहने की वजह से अब दिन और रात, दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
शुरू हुआ गर्मी का प्रकोप
प्रयागराज और झांसी सबसे गर्म (UP Heatwave Alert)
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। प्रयागराज 39.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी 39.3 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। झांसी और कानपुर में भी पारा 38 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 10 दिनों तक किसी सक्रिय मौसम तंत्र के अभाव में गर्मी का असर और तीखा होगा, जिससे लू (Heat Wave) जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
पश्चिमी यूपी में 'लू' का अलर्ट, पूर्वी यूपी में हल्की हलचल (UP Weather Today)
आज यानी 13 अप्रैल को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़ और मथुरा जैसे जिलों में 'लू' चलने की आशंका है। यहां दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगे। वहीं पूर्वी यूपी की बात करें तो इसके उलट, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि, इससे तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी, बल्कि उमस बढ़ने के आसार हैं।
लखनऊ और आसपास के जिलों का हाल (Lucknow Weather Today)
राजधानी लखनऊ में रविवार से ही तापमान में उछाल देखा जा रहा है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिसके अगले कुछ दिनों में 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। नोएडा और गाजियाबाद में सुबह के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और तीखी धूप सताएगी।
किसानों के लिए मौसम विभाग की विशेष सलाह
प्रदेश में इस समय गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है, ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। 13 और 14 अप्रैल को 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल को खुले में न छोड़ें और उसे जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। तेज हवाओं के कारण खलिहानों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए विशेष सावधानी बरतें। धूल भरी हवाओं के दौरान उपज को तिरपाल से ढककर रखें।
सावधानी रखने की सलाह (IMD Advisory)
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि गर्मी और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह बाहर न निकलें। पानी का भरपूर सेवन करें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर ढककर ही बाहर निकलें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
