शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (11 Apr 2026) UP Weather Today: यूपी में शुरू होने वाली है भीषण गर्मी, आने वाला है 'लू' का अलर्ट लेकिन किसानों के चेहरे खिले

UP Weather Today (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Apr 2026: उत्तर प्रदेश में बारिश-आंधी का सिलसिला थम गया है। 11 अप्रैल से मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। जानें आपके शहर में कब चलेगी लू।

Image

यूपी में बारिश का दौर खत्म

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (11 Apr 2026): उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से जारी लुका-छिपी का खेल अब खत्म हो गया है। बेमौसम बारिश, आंधी और ओलों के विदा होते ही अब सूरज अपना प्रचंड रूप दिखाने को तैयार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 11 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में यू-टर्न आएगा और आने वाले एक सप्ताह के भीतर पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक उछल सकता है।

45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा (UP Weather Today)

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कमजोर पड़ते ही अब मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। अगले 15 दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आसमान साफ होने के कारण सूरज की सीधी किरणें धरती पर पड़ेंगी, जिससे तापमान में भारी वृद्धि होगी। प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और कानपुर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की आशंका है।

पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में बढ़ेगी गर्मी (UP Heatwave Alert IMD)

गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह से ही तेज धूप खिली है। हालांकि, 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं अभी उमस से थोड़ी राहत दे रही हैं, लेकिन दोपहर का पारा 32 डिग्री के पार जा रहा है। बुंदेलखंड के बांदा और ललितपुर में भी गर्मी का प्रचंड असर दिखेगा, जहां पारा जल्द ही 40 डिग्री के स्तर को छू सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में 'हीटवेव' (लू) जैसी स्थिति बन सकती है।

किसानों के लिए वरदान बनेगी धूप

जहां आम जनता के लिए गर्मी आफत बनकर आ रही है, वहीं किसानों के लिए यह राहत की खबर है। पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की कटी हुई फसल भीग गई थी, जिससे दानों के काले पड़ने का डर था। अब तेज धूप निकलने से फसलें जल्दी सूखेंगी और किसान मड़ाई का काम तेजी से पूरा कर सकेंगे। इससे फसलों की गुणवत्ता बनी रहेगी और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य सलाह: दोपहर में निकलने से बचें

तापमान में अचानक आने वाले इस उछाल को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सचेत किया है। अचानक बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा रहता है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच सीधी धूप में निकलने से बचें। सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें और सिर को गमछे या टोपी से ढंककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article