UP Weather: यूपी में मार्च में ही लू जैसे हालात! 38 डिग्री के पास पहुंचा तापमान; इस दिन बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 March 2026: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तापमान सामान्य से 6-8 डिग्री अधिक पहुंच गया है। आगरा में बीते दिन अधिकतम पारा 37.6°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च के आसपास कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

यूपी में आज का मौसम (10 March 2026): उत्तर प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। खासतौर से बुंदलेखंड और दक्षिणी जिलों में गर्मी परेशान कर रही है। दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे बचने के लिए लोग छाते या गमछे का सहारा ले रहे हैं। सूरज की तपिश के कारण अभी से गली-मोहल्लों में दिन के समय सन्नाटा छाने लगा है, क्योंकि लोग चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। गर्मी के साथ ही अब उमस भी समय से पहले ही आकर लोगों को परेशान कर रही है। प्रदेश में तापमान भी आसमान छूता जा रहा है। सोमवार को आगरा में 38 डिग्री के करीब तापमान पहुंच गया। जिससे दिनभर तेज गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि जल्द ही मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

UP Weather

यूपी का मौसम

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पिछले कई दिनों की तरह आज भी यूपी के सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिन में धूप की तल्खी परेशान कर सकती है। कई जिलों में तेज गर्मी का एहसास हो सकता है। साफ मौसम और तेज धूप के कारण तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी पड़ने लगी है, जिसे देखकर लग रहा है कि इस बार लू भी जल्द ही पड़ने की संभावना है। यूपी में 14 मार्च तक मौसम साफ ही बने रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

End of Feed