शहर

कल का मौसम : अगले 72 घंटे होंगे भारी, 8 राज्यों में आंधी-तूफान संग गिरेगा पानी; लू-बिजली से बरतें सावधानी

Kal Ka Mausam 10 March 2026 , कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से काफी अहम हैं। खासकर, पूर्वोत्तर के 4 राज्यों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने के साथ तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 10 से 12 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है। हालांकि, बिहार में बारिश को छोड़कर समूचे उत्तर भारत में तेज गर्मी और जल्द ही हीटवेव के एंट्री के संकेत हैं।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam ( कल का मौसम ) : समूचा देश इन दिनों गर्मी की दुश्वारियां झेल रहा है। मार्च के महीने में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मार्च सामान्य तौर पर काफी गर्म रहेगा और जल्द ही देशभर में लू (Heatwave) की एंट्री हो जाएगी, जिसके बाद मौसम से सतर्क रहने की जरूरत होगी। फिलहाल, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, बिहार में अगले 2 दिन तेज आंधी और बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले 24 से 72 घंटे के दौरान नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है, जिससे कुछ भागों पर मौसम सर्द रहेगा। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। स्काईमेट ने बताया कि 9 से 11 मार्च तक सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ तेज 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश होगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। इसके अलावा शेष राज्यों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से हीटवेव के संकेत मिल रहे हैं।

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में अगले 2 दिन तक मौसम परिवर्तित रहेगा और कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम करवट ले चुका है, जिससे कई इलाकों में गरज-चमक, तेज आंधी के साथ बारिश की स्थितियां बन सकती हैं। फिलहाल, सीमांचल क्षेत्र के पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, पटना, मुजफ्फरपुर और जमुई में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी आसमान में घने बादल छाए नजर आएंगे। वहीं, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया और मुंगेर जिलों में तेज हवा के झोंकों के साथ बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान कई जिलों में ठनका गिरने की चेतावनी है। लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में 11 मार्च की रात तक मौसम बदला रह सकता है। इसका आंशिक असर पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों पर भी दिखाई दे सकता है।

यूपी में मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर आसमान की ओर अग्रसर हैं। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया है। आलम ये है कि दिन के अलावा अब रातें भी गर्म प्रतीत हो रही हैं और लोगों को पंखे, कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। राहत की बात ये है कि मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में अगले 2 दिन तक बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, किसानों के लिहाज से बारिश नुकसानदेह साबित होगी। इस दौरान 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे मौसम थोड़ा नर्म रहेगा। फिलहाल, आगरा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो हीटवेव के एकदम करीब है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम कैसा है

दिल्ली-एनसीआ में गर्मी जोर पकड़ती जा रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 19 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे पसीने निकल रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 17 एवं 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जल्द ही लू चलने के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल, गर्मी और हवाओं की गति में इजाफा होने से हवा की क्वालिटी (AQI) लेवल में सुधार दिख रहा है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को साफ हवा में सांस मिल सकती है। फिलहाल, एक्यूआई 200 के आसपास बना हुआ है, खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को ’गंभीर’ माना जाता है। हालांकि, अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में रह सकती है।

राजस्थान का मौसम कैसा है

राजस्थान में लगातार पारा चढ़ता रहा है। आईएमडी के मुताबिक, दो स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कई अन्य जिलों पर यह आंकड़ा इसके करीब है। फिलहाल, झुंझुनू जिले का पिलानी सबसे गर्म स्थान है, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है और जल्द ही हीटवेव का अलर्ट घोषित कर दिया जाएगा। फिलहाल, किसी प्रकार के मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं है। लिहाजा, लोगों को गर्मी का सामना करना होगा।

हरियाणा-पंजाब का मौसम

पंजाब और हरियाणा में भी लगातार तापमान बढ़ता जा रहा। दोनों राज्यों में हरियाणा का हिसार सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, करनाल में 31.7 डिग्री, नारनौल में 36.8 डिग्री, गुरूग्राम में 34.4 डिग्री और भिवानी में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। उधर, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस , फरीदकोट में 33.6 डिग्री, लुधियाना में 33 डिग्री, पटियाला में 33.2 डिग्री , अमृतसर में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है, जो सामान्य से पांच डिग्री है। अगले कुछ दिनों लगातार इसमें बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। लिहाजा जल्द ही हीटवेव की संभावना प्रतीत हो रही है और इस साल अधिक गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ रही है, जिसके असर से राज्य के 12 जिलों में से छह जिलों में अगले 3 दिन तक हिमालयी क्षेत्र में गरज चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। आईएमडी , चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल और स्पीति में 11 और 12 मार्च को गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें से कई स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में तेज हवाओं बहने से सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी इलाके शुष्क रहेंगे और गर्मी महसूस की जाएगी। खासकर, धर्मशाला, भुंतर, सुंदरनगर, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू के मैदानी भागों में लू चलने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा रहेगा

जम्मू-कश्मीर में अगले 2 से दिन तक मौसम बदला रहेगा और घाटी में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी मौसम का मिजाज बिगाड़ सकती है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि 10 से 12 मार्च के बीच ऊंचे इलाकों में कई जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। वहीं, अनंतनाग, कुपवाड़ा, बांदीपोर और गांदरबल के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है। अनुमान है कि 13 से 17 मार्च के बीच ऊंचे पहाड़ी इलाकों में छिटपुट बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 9 से 12 मार्च के बीच कई स्थानों पर दिन के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे एक बार फिर से कड़ाके की सर्द का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम सामान्य रहेगा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री, पहलगाम में 20 डिग्री, , गुलमर्ग में 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस ऊपर है।

अरुणाचल प्रदेश-असम में बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर के राज्यों में एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले कुछ घंटों से आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि 9 से 11 मार्च के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों पर बादलों की गरज चमक के बीच 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। इस दौरान कई हिस्सों पर तड़ित झंझा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज थोड़ा नर्म रहेगा। हालांकि, अधिकांश हिस्सों पर मौसम गर्म रहेगा और अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी का एहसास होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के अलावा बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। अगले कुछ दिन में हीटवेव के एंट्री के संकेत दिए गए हैं।

10 मार्च मंगलवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली17°C35°C
जयपुर19°C36°C
चंडीगढ़19°C33°C
भोपाल21°C35°C
मुंबई26°C34°C
कोलकाता23°C31°C
चेन्नई24°C29°C
हैदराबाद21°C33°C
रांची19°C32°C
लखनऊ22°C34°C
पटना23°C32°C
देहरादून16°C27°C
शिमला13°C26°C
कश्मीर8°C17°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। सम्राट चौधरी बने बिहार के मुख्यमंत्री. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article