शहर

बिहार का मौसम (10 Mar 2026) Bihar Weather Today: बिहार में आज भी बरसेंगे बादल, IMD का 20 जिलों में बारिश- ठनके का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 Mar 2026: बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 10 और 11 मार्च को पटना, पूर्णिया और अररिया समेत 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में आज भी बारिश को लेकर जारी हुई चेतावनी

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (10 Mar 2026): बिहार में गर्मी की आहट के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटों से राज्य के आसमान पर बादलों का डेरा है और ठंडी हवाओं ने लोगों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत दी है। हालांकि, यह राहत अपने साथ 'आसमानी आफत' का अंदेशा भी लाई है। मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

बादलों के पीछे गया सूरज

राजधानी पटना समेत मुजफ्फरपुर और पूर्णिया जैसे शहरों में सोमवार से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। दिनभर बादलों की आवाजाही की वजह से धूप की तपिश कम रही। हालांकि, पारा अभी भी 34 डिग्री के आसपास बना हुआ है, लेकिन 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने वातावरण में नमी घोल दी है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है, जिससे शाम के वक्त मौसम काफी खुशनुमा हो गया है।

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे मुख्य हाथ 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) का है, जो उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) की वजह से बिहार में ट्रफ लाइन गुजर रही है। इन प्रणालियों के आपस में मिलने से राज्य के मैदानी इलाकों में बादल बन रहे हैं और बारिश की स्थिति पैदा हो रही है।

आज इन जिलों में 'येलो अलर्ट'

मौसम विभाग (IMD) ने विशेष रूप से अररिया और किशनगंज जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की पूरी संभावना है। इसके अलावा सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, जमुई और मुंगेर जैसे पूर्वी बिहार के 12 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तर बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर जैसे इलाकों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों के नीचे शरण न लें।

12 मार्च से फिर लौटेगी 'लू' वाली गर्मी

यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की रात तक बना रहने का अनुमान है। 12 मार्च से जैसे ही बादलों का डेरा हटेगा, सूरज के तेवर फिर से तल्ख हो जाएंगे। अनुमान है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। रात के तापमान में भी अब बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह-शाम की बची-खुची ठंड भी अब पूरी तरह विदा हो चुकी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article