यूपी में आज का मौसम (06 Feb 2026): उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद घने कोहरे की वापसी हुई। जिसके बाद अब यूपी में अगले तीन दिन पछुआ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश में घने कोहरे से राहत मिल गई है। अगले कुछ दिन घने कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर कम हो गया है। 8 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी रीजन को प्रभावित कर सकता है। हालांकि इसका यूपी के मौसम पर फिलहाल कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है।
आज यूपी का मौसम
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार आज यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा कहीं-कहीं देखने को मिल सकता है। आज घने कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम साफ रहने के कारण दिन में अच्छी धूप खिलने के भी आसार हैं। इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल सकती हैं। जिससे सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। हालांकि दिन में धूप के कारण सर्दी से राहत रहेगी।
यूपी में तापमान में होगी बढ़ोत्तरी
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में फिलहाल अगले 3-4 दिन मौसम में ठहराव रहने के आसार हैं। तराई और अन्य इलाकों में भी कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा। प्रदेश में अगले 3 दिन पछुआ हवाएं चलने की भी संभावना है। रात के तापमान में अगले 5 दिन कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। जिसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में अगले 48 घंटों में 2-3 डिग्री की बढ़ोत्तरी के आसार जताए गए हैं। जिसके बाद अगले 2 दिन कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद फिर से 2 डिग्री की ओर बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।
यूपी का सबसे ठंडा जिला
यूपी में पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला हरदोई रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद आगरा में 8.1 डिग्री और झांसी में 8.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। वहीं अधिकतम तापमान गाजीपुर में सबसे अधिक रहा। यहां का पारा 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद वाराणसी बीएचयू में 24.6 डिग्री और बलिया में 24.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। इस दौरान सबसे कम अधिकतम तापमान बरेली में 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
