Shamli Police Encounter: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। आरोपी की पहचान दिल्ली के ओखला नगर निवासी रिहान के तौर पर हुई है। जिसपर करीब 90 मामले अलग-अलग जिलों में दर्ज थे। गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
बदमाशों ने शख्स से नकदी और मोबाइल लूटा
पुलिस अधीक्षक (SP) एनपी सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे बाबरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने फतेहपुर निवासी राहुल से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। रात करीब 12:30 बजे कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी थाना पुलिस की संयुक्त टीम पूर्वी यमुना नहर इलाके में चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। वहीं दूसरा बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अनुसार रिहान दिसंबर माह से झिंझाना थाने से वांछित चल रहा था। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। बदमाश के पास से पुलिस ने मेड इन इटली पिस्टल, एक देसी तमंचा, लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
बदमाश पर दिल्ली-गाजियाबाद में सबसे अधिक केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मारे गए बदमाश रिहान पर सबसे अधिक 49 मुकदमे दिल्ली में दर्ज है। इसके अलावा गाजियाबाद में 28 और अन्य मामले शामली, बागपत, हापुड़ व बुलंदशहर में दर्ज हैं। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
