UP Election 2027: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारी करनी शुरू कर दी है। वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी भी चुनावी मोड में हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई चर्चा सामने नहीं आई है। दोनों पार्टियों के बीच भले ही अभी तक सीटों का बंटवारा ना हुआ हो, लेकिन उससे पहले ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय वाराणसी की पिंडरा सीट से चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं।
अजय राय (फोटो साभार- PTI)
टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत
अजय राय के मुताबिक, पिंडरा सीट से उन्हें पार्टी आलाकमान की हरी झंडी मिल गई है। पिंडरा में चुनावी शंखनाद के पहले अजय राय जिम में पसीना बहाते नजर आये। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने और महिला पदाधिकारी से विवाद के बाद अजय राय को दिल्ली तलब किया गया था। अजय राय के मुताबिक दिल्ली में उनकी पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात हुई थी। टाइम्स नाउ नवभारत से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पिंडरा उनका परिवार है। पिंडरा से उनका परिवारिक रिश्ता है। ऐसे में वह यहीं से चुनाव लड़ेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027 के लिए AIMIM का बड़ा प्लान, अखिलेश के PDA समीकरण और कांग्रेस के वोट बैंक पर खतरा
राजनाथ सिंह के आरोपों का पलटवार
अजय राय ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह का आरोप बेबुनियाद है। सोनिया गांधी अपने दम पर रायबरेली सीट से चुनाव जीतती आई हैं। इसके अलावा भी पार्टी के दूसरे नेता चुनाव जीतते रहे हैं। राजनाथ जी को वाराणसी लोकसभा सीट पर बोलना चाहिए। जहां नरेंद्र मोदी की जैसे तैसे जीत हुई थी। तिरंगा यात्रा पर नकेल कसने पर उन्होंने कहा कि तिरंगा हर किसी के दिल में है। इसे रोकना मुश्किल है।
आराधना मिश्रा हैं वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष
बता दें कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना हैं। उनकी नियुक्ति 2 अक्टूबर 2026 को हुई है। वहीं कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को बनाया गया है। जबकि पूर्व अध्यक्ष अजय राय 17 अगस्त 2023 से 2 अक्टूबर 2026 तक इस पद पर रहे।
