Bulandshahr Hanuman Mandir: यूपी के बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद क्षेत्र के गांव ओलिना स्थित हनुमान मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का मामला सामने आने के बाद तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
उप्र: बुलंदशहर के हनुमान मंदिर में नमाज अदा करने पर तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में आक्रोश
पुलिस ने बताया कि 31 मई को असर मोहम्मद अपने साथी नजर मोहम्मद व अन्य के साथ औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत औलीना गांव में राजमिस्त्री का काम करने के लिए राजकुमार नामक व्यक्ति के घर आया था। पुलिस ने बताया कि कुछ देर काम करने के बाद मजदूरों ने दोपहर के भोजन के लिए आराम किया, इस दौरान कथित तौर पर असर मोहम्मद ने हल्की बारिश के बीच मंदिर के अंदर नमाज अदा की। उस समय नजर मोहम्मद भी वहां मौजूद था।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को घटना प्रथम दृष्टया सही प्रतीत हुई। पुलिस के मुताबिक इस कृत्य का उद्देश्य पूजा स्थल को अपवित्र करके हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना था। औरंगाबाद थाना के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद असलम ने बताया मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की थी कोशिश?
बुलंदशहर की ये घटना क्या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश थी? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है।। थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव ओलीना की यह यह घटना दो-तीन दिन पुरानी है, जहां मंदिर के पड़ोस में बन रहे एक मकान में काम करने वाले निर्माण मजदूरों ने नमाज के वक्त मंदिर परिसर का इस्तेमाल किया।
बताया गया कि स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब इस पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नमाज पढ़ने वाले मुस्लिम युवक, उसके साथी और संबंधित मकान मालिक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर धारा 151 के तहत चालान कर दिया है।
