शहर

Delhi Hotel Fire: मालवीय नगर अग्निकांड में नया खुलासा, होटल मैनेजर की तलाश तेज; लाइसेंस 6 कमरों का और...

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड की जांच में नया खुलासा हुआ है। होटल मालिक ने पुलिस को बताया कि होटल का पूरा संचालन मैनेजर जय मिश्रा संभालता रहा था। उसी के नाम पर लाइसेंस भी था। पुलिस अब जय मिश्रा की तलाश कर रही है।

Image

Delhi Fire

Delhi Hotel Fire Tragedy: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड की जांच में एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं। पूछताछ के दौरान होटल मालिक ने बताया कि होटल के संचालन की जिम्मेदारी मैनेजर जय मिश्रा को सौंपी गई थी। जिसके बाद अब पुलिस की जांच का केंद्र होटल मैनेजर बन गया है, जय घटना के बाद से ही फरार बताया जा रहा है। जांच में पता चला है कि होटल को 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन यहां 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जय मिश्रा की तलाश कर रही है।

पुलिस की रडार पर होटल मैनेजर

बुधवार को मालवीय नगर में हुए इस भीषण अग्निकांड हादसे में 21 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है। बुधवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जिससे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इस दौरान उसने पुलिस को बताया कि साल 2022 में उसने यह बिल्डिंग खरीदी थी। जिसके बाद बाद यहां होटल का संचालन शुरू किया गया।

होटल संचालन के दस्तावेज खंगाल रही पुलिस

होटल मालिक का दावा है कि वह होटल का इकलौता मालिक है और उसका कोई बिजनेस पार्टनर नहीं था। मालिक के अनुसार होटल का पूरा प्रबंधन मैनेजर जय मिश्रा के पास था और होटल से जुड़े अधिकांश लाइसेंस भी उसी के नाम पर थे। अधिकारियों के अनुसार होटल के पास केवल 6 कमरों के संचालन का लाइसेंस था। लेकिन वहां कथित तौर पर 25 कमरों वाला होटल चलाया जा रहा था। इसी वजह से पुलिस अब होटल के संचालन, लाइसेंस और सुरक्षा मानकों से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही पुलिस आरोपी के मालिकाना हक वाले तीनों होटलों से जुड़े दस्तावेज भी इकट्ठा कर रही है।

दिल्ली होटल अग्निकांड में इन धाराओं में केस दर्ज

इस मामले में मालवीय नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के में FIR दर्ज की गई है। इनमें धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), धारा 326(g) (आग या विस्फोट से नुकसान पहुंचाना), धारा 324(5) (शरारत कर नुकसान पहुंचाना), धारा 125(a) व 125(b) (लापरवाही से लोगों की जान खतरे में डालना) और धारा 287 (ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में लापरवाही) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस फरार होटल मैनेजर जय मिश्रा की तलाश में जुटी है और अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अग्निकांड के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article