शहर

UP Budget 2026 में खुला खजाना, लखनऊ-अयोध्या के लिए करोड़ों का आवंटन; जानें आपके शहर को क्या मिला?

यूपी बजट 2026-27 के तहत लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और जेवर समेत कई शहरों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। नाइट सफारी, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और 5 नए राज्य विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए योगी सरकार ने भारी बजट आवंटित किया है। आइए शहरों के लिए बजट में क्या है।

up budget 2026 cities

यूपी बजट में इन शहरों के लिए खास योजनाएं (स्क्रीनग्रैब: YouTube/Yogi Aditynath)

UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऐतिहासिक बजट पेश किया। 9.12 लाख करोड़ रुपये के इस विशाल बजट में लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और जेवर जैसे प्रमुख शहरों को भविष्य के ग्लोबल हब के रूप में विकसित करने के लिए भारी-भरकम आवंटन किया गया है। आइए एक नजर डालते हैं और जानते हैं किन शहरों को मिली बजट में खास जगह।

लखनऊ: नाइट सफारी और एग्री मॉल से बदलेगी तस्वीर

प्रदेश की राजधानी को अब 'राज्य राजधानी क्षेत्र' (SCR) के रूप में 26,756 वर्ग किलोमीटर के दायरे में विकसित किया जा रहा है। लखनऊ के लिए सबसे बड़ी घोषणाओं में कुकरेल वन क्षेत्र में नाइट सफारी पार्क के लिए 207 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए कैंसर संस्थान को 315 करोड़ रुपये दिए गए हैं। साथ ही, लखनऊ में 22 साल बाद नई आवासीय योजना और गोमती नगर में किसान एग्री मॉल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

अयोध्या: सोलर सिटी और वैदिक वेलनेस का संगम

राम नगरी अयोध्या के सर्वांगीण विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष बजट रखा गया है। सरकार अयोध्या को देश की पहली सोलर सिटी के रूप में मॉडल बना रही है। पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अलग से 150 करोड़ रुपये दिए गए हैं। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रामपथ का निर्माण अंतिम चरण में है और जमथरा में प्रस्तावित वैदिक वेलनेस सिटी को मंदिर मार्ग से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

वाराणसी और जेवर: हाई-स्पीड रेल और 5 रनवे वाला एयरपोर्ट

वाराणसी को केंद्र सरकार के सहयोग से दो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी) की सौगात मिली है। साथ ही यहाँ पीपीपी मॉडल पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। दूसरी ओर, जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए 750 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। सबसे बड़ी खबर यह है कि जेवर में अब रनवे की संख्या 2 से बढ़ाकर 5 करने का निर्णय लिया गया है, जो इसे वैश्विक स्तर का परिवहन केंद्र बनाएगा।

मेरठ, गोरखपुर और मिर्जापुर: खेल और आस्था का विकास

मेरठ में 35 साल बाद नई आवासीय योजना और मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। गोरखपुर में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति दी गई है। आस्था के केंद्रों की बात करें तो मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर और त्रिकोणीय क्षेत्र के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया गया है। वहीं मथुरा को भी अयोध्या की तर्ज पर सोलर सिटी बनाने का लक्ष्य है।

इन शहरों को 5 नए विश्वविद्यालयों की सौगात

उच्च शिक्षा को हर मंडल तक पहुंचाने के लिए बजट में 5 नए विश्वविद्यालयों के लिए फंड जारी किया गया है। इसमें मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय और बलरामपुर में माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के लिए 50-50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। साथ ही शाहजहांपुर और भदोही में भी नए विश्वविद्यालयों के निर्माण के लिए 21-21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article