यूपी के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों के हुए तबादले, देखें सूची

उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। राहुल पवार को गाजियाबाद और डाली सिकरवार को गौतमबुद्ध नगर का नया बीएसए बनाया गया है।

विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सरकार कमर कसकर तैयार है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में तबादला एक्सप्रेस चल रही है। IPS अधिकारियों के ट्रांसफर के बाद शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। विभाग की ओर से जारी ताजा तबादला आदेश के तहत कई जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए उनके नए तैनाती स्थल तय किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के जिलों सहित पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कप्तानों व अफसरों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।

UP Education Department Transfer List

यूपी में 15 अधिकारियों के तबादले

गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में नई तैनातियां

जारी सूची के अनुसार, राहुल पवार को गौतमबुद्ध नगर से स्थानांतरित कर गाजियाबाद का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) नियुक्त किया गया है। वहीं, डाइट (DIET) बिजनौर में तैनात रहीं डाली सिकरवार को गौतमबुद्ध नगर जिले की कमान सौंपते हुए नया BSA बनाया गया है। गाजियाबाद में तैनात रहे ओम प्रकाश यादव को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बलिया में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर भेजा गया है।

मेरठ, अमरोहा और पूर्वांचल के जिलों में अदला-बदली

विभाग द्वारा जारी सूची में कई जिलों में अधिकारियों की आपसी अदला-बदली भी देखने को मिली है:

  • मोनिका को अमरोहा से मेरठ स्थानांतरित किया गया है, जबकि आशा चौधरी को मेरठ से अमरोहा भेजा गया है।
  • कमलेन्द्र कुशवाहा को कौशांबी से मिर्जापुर भेजा गया है, वहीं अनिल कुमार वर्मा का तबादला मिर्जापुर से कौशांबी किया गया है।
  • मनीष कुमार सिंह को बलिया से मऊ स्थानांतरित किया गया है, जबकि संतोष कुमार उपाध्याय को मऊ से बलिया की जिम्मेदारी दी गई है।
  • अमित कुमार सिंह का संतकबीर नगर से इटावा तबादला किया गया है, वहीं राजेश कुमार को इटावा से संतकबीर नगर भेजा गया है।

पूरी तबादला सूची

अयोध्या, बस्ती, अमेठी और अन्य जिलों की सूची

विभाग द्वारा जारी अन्य तबादलों में:

  • लालचन्द्र को अयोध्या से स्थानांतरित कर अमेठी भेजा गया है।
  • संजय तिवारी का अमेठी से लखीमपुर खीरी तबादला किया गया है।
  • प्रवीण कुमार तिवारी को लखीमपुर खीरी से बस्ती भेजा गया है।
  • अनूप कुमार को बस्ती से स्थानांतरित कर अयोध्या की कमान सौंपी गई है।
शासन ने स्थानांतरण सूची में शामिल सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए तैनाती स्थलों पर पहुंचकर पदभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed