Ujjain: बिजली बिल मांगने पर कर्मचारियों को घसीट-घसीटकर पीटा, 4 घंटे बाद पुलिस ने दर्ज की FIR

उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र में बकाए बिजली बिल की वसूली करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर दबंग किसान और उसके बेटे ने जानलेवा हमला कर दिया। कर्मचारियों को घसीटकर पीटने का वीडियो भी वायरल हुआ है।

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से सरकारी तंत्र और कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरसौद खुर्द में बकाए बिजली बिल की वसूली और चेकिंग करने पहुंची विद्युत वितरण कंपनी की टीम पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। बकाएदारों ने कर्मचारियों को घर से घसीट-घसीटकर लाठी-डंडों, मुक्कों और रॉड से बेरहमी से पीटा। इस बर्बर हमले में बिजली विभाग के वरिष्ठ परीक्षण सहायक ईश्वर भिलाला (50) की आंख, सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ujjain news crime

उज्जैन के खरसौद खुर्द का मामला

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे बड़नगर संभाग के खरसौद खुर्द वितरण केंद्र में पदस्थ वरिष्ठ परीक्षण सहायक ईश्वर भिलाला अपने साथी कर्मचारियों कचरू गारी, घनश्याम गारी और अनिल के साथ क्षेत्र में निकले थे। टीम किसान श्याम पंड्या के खेत स्थित मकान पर अस्थाई कृषि विद्युत कनेक्शन के बकाए बिल की वसूली और टीसी जांच के लिए पहुंची। अधिकारियों ने जब किसान से बकाया बिल जमा करने का अनुरोध किया, तो वह भड़क गया और टीम को तुरंत भाग जाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा। जब अधिकारियों ने नियमानुसार स्टार्टर जब्त करने और बिजली कनेक्शन काटने की बात कही, तो किसान का गुस्सा बेकाबू हो गया। आरोप है कि उसने जातिसूचक अपशब्द कहे और कर्मचारी ईश्वर भिलाला पर मुक्कों व लाठियों से हमला कर दिया। इसी बीच किसान का बेटा अर्जुन पंड्या भी वहां पहुंच गया। पिता-पुत्र दोनों ने मिलकर कर्मचारियों को जमीन पर पटक-पटककर और घसीटकर पीटा। वायरल वीडियो में परिवार की कुछ महिलाएं भी विवाद में शामिल नजर आ रही हैं।

End of Feed