शहर

उज्जैन के कॉलेज में भजन की आवाज को लेकर बवाल; छात्रों के दो गुट भिड़े, 8 गिरफ्तार

उज्जैन के देवास रोड स्थित अल्पाइन कॉलेज में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब कॉलेज बस में मोबाइल पर चल रहे भजन की आवाज कम करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट कॉलेज कैंटीन तक पहुंच गई, जिसके बाद हिंदूवादी और छात्र संगठनों के हस्तक्षेप से माहौल और गरमा गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दो थानों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने मामले में आठ छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

बवाल के बाद छात्रों का प्रदर्शन

Photo : Times Now Digital

Ujjain News: उज्जैन के देवास रोड स्थित अल्पाइन कॉलेज में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कॉलेज बस में मोबाइल पर बज रहे भजन की आवाज कम करने को लेकर दो छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद कॉलेज कैंटीन तक पहुंच गया। मामला इतना बढ़ गया कि छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। सूचना मिलते ही छात्र संगठन मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति को काबू में करने के लिए दो थानों का पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

कैंपस में पहुंचा मामला

बी फार्मा सेकेंड ईयर के एक छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कॉलेज बस से कॉलेज आ रहा था। इसी दौरान उसने मोबाइल पर भजन चला रखा था। कॉलेज में पढ़ने वाले ही एक और छात्र ने उनसे भजन की आवाज कम करने को कहा, जिसके बाद उन्होंने आवाज कम कर दी। इसके बावजूद कुछ समय बाद छात्र अपने कुछ साथियों को लेकर उनकी क्लास में पहुंचा और गाली-गलौज और धमकी देने लगा।

लंच टाइम में कैंटीन में हुआ हमला

पीड़ित छात्र के अनुसार, क्लास में विवाद को कॉलेज की एक टीचर ने हस्तक्षेप कर शांत करवा दिया था, लेकिन लंच के समय मामला फिर भड़क गया। पीड़ित जब अपने दोस्तों के साथ कैंटीन पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद दूसरे गुट के छात्रों ने डंडे और पाइप से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई, जिसमें पीड़ित और उसके दोस्तों को चोटें आईं।

ABVP का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी कॉलेज पहुंचे। ABVP के महामंत्री सिद्धार्थ यादव ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दोषी छात्रों को तत्काल निष्कासित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक नारेबाजी होती रही, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भजन सुनने को लेकर शुरू हुए इस विवाद में कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों पक्षों को शांत कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित के परिजनों और कॉलेज प्रशासन की प्रतिक्रिया

पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि कॉलेज से फोन पर बेटे पर हमले की सूचना मिली थी। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से दोषी छात्रों को कॉलेज से निकालने और कैंपस में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, अल्पाइन कॉलेज के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि फार्मेसी विभाग के कुछ छात्रों के बीच कैंटीन में विवाद हुआ था। बाद में संगठनों आपत्ति दर्ज कराई गई, जिस पर कॉलेज प्रबंधन ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस संबंध में थाने में आवेदन भी दिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article