भारतीय रेलवे देश की लाइफलाइन है और वंदे भारत भारतीय रेलवे का आधुनिक चेहरा। यही कारण है कि तमाम शहर और शहर वासी चाहते हैं कि वहां से भी वंदे भारत का रूट तैयार हो। फिलहाल राजस्थान में झीलों का शहर उदयपुर और गुजरात के अहमदाबाद के लोगों की यह मनोकामना पूरी हो गई है। आज यानी सोमवार 16 फरवरी को उदयपुर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेसवे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
आज रवाना होगी पहली उदयपुर-अहमदाबाद वंदे भारत
राजस्थान और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे, उदयपुर सिटी से अहमदाबाद (असारवा) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को आज हरी झंडी दिखाएगा। इसे क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित समय के अनुसार रुकेगी। शुभारंभ स्पेशल ट्रेन उदयपुर सिटी से सुबह 12:25 बजे प्रस्थान करेगी और जावर, डूंगरपुर, हिमतनगर होते हुए अहमदाबाद (असारवा) तक जाएगी। वापसी में भी यह ट्रेन तय समय सारिणी के अनुसार वापस इसी रूट पर लौटेगी।
उदयपुर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं कब से मिलेंगी
आज उद्घाटन यात्रा के लिए इस वंदे भारत एक्सप्रेस में 7 AC चेयर कार कोच और 1 एक्जीक्यूटिव AC चेयर कार कोच लगाए गए हैं। बता दें कि उदयपुर–असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं बुधवार 18 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। ट्रेन नंबर 26964, असरवा (अहमदाबाद)–उदयपुर सिटी वंदे भारत, असरवा से रोज शाम को 5:45 बजे चलकर रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। मंगलवार छोड़कर हफ्ते के बाकी सभी 6 दिन आप इस ट्रेन सेवा का लाभ ले सकते हैं। उधर ट्रेन नंबर 26963, उदयपुर सिटी–असरवा (अहमदाबाद) वंदे भारत एक्सप्रेस, उदयपुर सिटी से रोज सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और सुबह 10:25 बजे असरवा पहुंच जाएगी। उदयपुर से अहमदाबाद के लिए भी यह ट्रेन मंगलवार को नहीं चलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस सेवा से राजस्थान और गुजरात के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। उदयपुर, डूंगरपुर और हिमतनगर जैसे शहरों के यात्रियों को अब तेज और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। खासतौर पर पर्यटन उद्योग को इसका बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है, क्योंकि उदयपुर और अहमदाबाद दोनों ही अपने-अपने राज्यों के प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र हैं।
उदयपुर और अहमदाबाद को जोड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से सड़क मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव में भी कमी आने की संभावना है। आधुनिक तकनीक और हाई-स्पीड क्षमता के कारण यह ट्रेन कम समय में लंबी दूरी तय करने में सक्षम है। यात्रियों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था, साफ और स्वच्छ कोच, सुरक्षा सुविधाएं और सबसे जरूरी समयबद्ध सेवा (बिना देरी के) इसकी विशेषताएं होंगी।
रेलवे के अनुसार इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होने से रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय लोगों में इस नई ट्रेन सेवा को लेकर उत्साह है। उत्तर पश्चिम रेलवे का मानना है कि यह पहल ‘सुरक्षित एवं तेज संपर्क’ के संकल्प को साकार करेगी और राजस्थान के विकास को नई दिशा देगी।
