शहर

Delhi Traffic Update: लक्ष्मी नगर-ITO रोड पर भीषण जाम, पाइपलाइन फटने से रुका ट्रैफिक; पुलिस ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में विकास मीनार के सामने दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन फटने के कारण लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी जाम लग गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मरम्मत कार्य के चलते यात्रियों को विकास मार्ग से बचने की सलाह दी है।

Image

लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी जाम

Photo : Times Now Digital

Delhi Traffic News: दिल्ली के विकास मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सोमवार सुबह एक बड़ी परेशानी सामने आई है। विकास मीनार के ठीक सामने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की पानी की पाइपलाइन फटने के कारण ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अलर्ट जारी कर यात्रियों को इस रास्ते से बचने की सलाह दी है।

विकास मार्ग पर लगा लंबा जाम

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पाइपलाइन फटने की वजह से लक्ष्मी नगर से आईटीओ (ITO) की ओर जाने वाली सड़क और उससे आगे 'ए-पॉइंट' (A-Point) तक जाने वाले कैरिजवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। सड़क पर पानी भरने और मरम्मत कार्य शुरू होने के कारण सुबह के व्यस्त समय में दफ्तर जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मरम्मत कार्य जारी, वैकल्पिक रास्ते का करें उपयोग

दिल्ली जल बोर्ड की टीमें मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को परामर्श दिया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और यदि संभव हो तो विकास मार्ग के इस हिस्से का उपयोग करने से बचें। यमुना पार से मध्य दिल्ली की ओर आने वाले लोग अक्षरधाम या गीता कॉलोनी फ्लाईओवर जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

AI Impact Summit 2026 को लेकर भी ट्रैफिक अलर्ट

इसके अलावा राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आज से 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' का भव्य आगाज हो रहा है, जिसमें शामिल हो रहे वैश्विक नेताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली जिले के प्रमुख मार्गों जैसे मथुरा रोड, अकबर रोड, जनपथ और शांति पथ पर वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात प्रभावित रहेगा, जबकि भैरो मार्ग जैसे संवेदनशील हिस्सों को जरूरत पड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सकता है। चूंकि कल यानी 17 फरवरी से सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं, इसलिए प्रशासन ने विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए रूट पर पड़ने वाले स्कूलों के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए हैं ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में कोई बाधा न आए। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और गैर-जरूरी भीड़ से बचने के लिए पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसे वैकल्पिक रास्तों और ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहनों का उपयोग करने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article