Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को यूसुफपुर चक गांव के पास एक हादसे में दो युवक हिंडन नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नाव में रस्सी बांधने का काम कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नदी के गहरे पानी में गिर गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दोनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी
सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था।
यहां के रहने वाले हैं दोनों युवक
पुलिस के अनुसार, नदी में डूबे युवकों की पहचान 19 वर्षीय शिव राजपूत और 20 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। शिव राजपूत बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का रहने वाला था, जबकि सौरव खुर्जा थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव का निवासी था। दोनों युवक फिलहाल बिसरख कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर चक गांव में रह रहे थे।
नाव में रस्सी बांधते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दोनों युवक नाव में रस्सी बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी में जा गिरे। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई।
पुलिस-प्रशासन कर रहे हैं बचाव अभियान की निगरानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर सर्विस के जवानों के साथ गोताखोर नदी में उतरकर दोनों युवकों को खोजने में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है।
