Haridwar: हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को गंगनहर में पानी के तेज बहाव में अपने भाई को बहता देख उसकी दो बहनों ने भी छलांग लगा दी, जिसके बाद से दोनों लापता हैं। इस घटना की जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के मुताबिक हादसा बहादराबाद-सिडकुल मार्ग पर गंगनहर पर बने छठ पूजा घाट पर दोपहर बाद हुआ। नहाते समय 12 साल का वंश पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसने बताया कि उसे बचाने के लिए उसकी दो बहनों ईशा (14) और मनीषा (15) ने भी गंगनहर में छलांग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने भाई को तो किसी तरह बचा लिया मगर दोनों बहनें पानी के तेज बहाव में बह गईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों व जल पुलिस के जवानों ने तलाशी अभियान चलाया लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का मूल निवासी है और यहां के सलेमपुर क्षेत्र में रहता है।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, राजेश निवासी ग्राम भीमनगर, थाना फरहा, जनपद मथुरा उत्तर प्रदेश हाल सलेमपुर यहां सिडकुल की जेपी ड्रग कंपनी में मेंटनेंस कर्मचारी हैं। रविवार सुबह करीब नौ बजे राजेश के साले रवि के साथ उनकी पुत्री मनीषा (15), ईशा (14) और पुत्र वंश (13) गंगनहर में नहाने के लिए छठ घाट पर पहुंचे। यहां वंश नहाते समय पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए दोनों बहनों ने भी गंगनहर में छलांग लगा दी। वंश किसी तरह से पास में लगी झाड़ियों को पकड़कर बच गया, लेकिन मनीषा और ईशा पानी के तेज बहाव में लापता हो गईं।
(इनपुट - भाषा)
