Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। जीरो पॉइंट पर दो कारें आमने-सामने से भिड़ गईं, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो लोग घायल हैं।
रविवार रात को सेक्टर 151 ग्रेटर नोएडा के रहने वाले 45 वर्षीय मुकेश सिंह अपनी कार से परी चौक से सेक्टर 148 की ओर सर्विस रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक दूसरी कार से उनकी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतना जोरदार था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मुकेश सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाही जारी है।
एक्सप्रेसवे पर एक्सिडेंट होना कोई नई घटना नहीं है। आए दिन होने वाले हादसों का सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों को नजरअंदाज करना है।
थोड़े ही दिनों पहले परी चौक पर एक बाइक सवार दो बहन और एक भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई और बहन की एक सहेली घायल हो गई। चारों लोग एक ही बाइक पर सवार थे। इनकी टक्कर किसी अज्ञात वाहन से हुई थी।
इसी हादसे के आसपास ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ही एक दुर्घटना में एक कॉलेज अधिकारी की मौत हो गई। उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
