Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। गोपालपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार से 300 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है।
गोपालगंज में लग्जरी कार से बरामद हुई भारी शराब खेप
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल कुमार पुलिस कप्तान की टेक्निकल सेल में तैनात था, जबकि अमित कुमार जेडीयू विधायक मंजीत सिंह की सुरक्षा में अंगरक्षक के तौर पर ड्यूटी कर रहा था। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिपाही अमित कुमार मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे विधायक आवास पर तैनात अपनी ड्यूटी छोड़कर निजी ब्रेजा कार से राहुल कुमार के साथ उत्तर प्रदेश शराब की खेप लेने गया था। दोनों जब शराब लेकर बिहार लौट रहे थे, तभी गोपालपुर थाना क्षेत्र में चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने उनकी कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और पूरे मामले को लेकर अधिकारियों ने जांच तेज कर दी है।
जेडीयू विधायक मंजीत सिंह ने क्या बताया?
जेडीयू विधायक मंजीत सिंह ने बताया कि अंगरक्षक अमित कुमार की गतिविधियां उन्हें संदिग्ध लग रही थीं। इसी वजह से उन्होंने करीब चार दिन पहले संबंधित विभाग को पत्र लिखकर उसे ड्यूटी से हटाने की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते विभाग ने कदम उठाया होता तो शायद यह मामला सामने नहीं आता। वहीं, गोपालगंज में शराब तस्करी में पुलिसकर्मियों के शामिल होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले कुचायकोट थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह पर भी शराब तस्करी में संलिप्तता के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
