Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला कांस्टेबल से साथ मारपीट और छेड़छाड़ की गई है। हैरानी की बात ये है कि इस घटना को अंजाम देने वाले और कोई नहीं दो पुलिस कांस्टेबल ही है। महिला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये दोनों पुरुष कांस्टेबल महिला कांस्टेबल के मकान में किराए पर रहते हैं। छेड़छाड़ और मारपीट का मामला लेकर महिला कांस्टेबल ने एसपी से शिकायत की, जिसके बाद एसपी ने तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो सिपाहियों ने की महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट
महिला कांस्टेबल की शिकायत पर केस दर्ज
यह मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर में शहर कोतवाली का है। महिला कांस्टेबल ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट के बारे में एसपी राजेश द्विवेदी से शिकायत की थी। मामले की जानकारी प्राप्त होते ही एसपी ने दोनों पुरुष कांस्टेबलों गर्वित चौधरी और ललित यादव के खिलाफ केस दर्ज करते हुए कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। बता दें कि महिला कांस्टेबल अनुसूचित जाति से है। उन्होंने मामले की शिकायत करते हुए बताया कि दोनों कांस्टेबल ने उसके साथ मारपीट की और उस दौरान उसके लिए कई जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया है।
इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ये दोनों आरोपी महिला कांस्टेबल के मकान में किराए पर रहते हैं। किसी बात को लेकर इन लोगों में विवाद हुआ था। इस विवाद के चलते दोनों ने महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट की है। पुलिस ने आगे बताया कि गर्वित चौधरी और ललित यादव दोनों पर महिला कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
