शहर

Bhadohi: ​दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे पर फेंका तेजाब, जानें क्यों लेना चाहता था जान; दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के भदोही में बारात में दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे पर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में दूल्हे समेत दो बच्चे झुलस गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

भदोही में दूल्हे पर एसिड अटैक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

भदोही: जिले में बारात में दूल्हे और दो बच्चों पर तेज़ाब फेंके जाने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली स्थित मोढ़ पुलिस चौकी इलाके से सुदामा गौतम (24) की बारात मंगलवार रात जिले के सुरयावा इलाके के तुलापुर बहादुरान गांव में सभाजीत गौतम के यहां जा रही थी।

ऐसे किया एसिड अटैक

सिंह ने बताया कि बारात के रथ पर दूल्हा सुदामा गौतम के साथ आर के बौद्ध (पांच) और जे के बौद्ध (आठ) बैठे थे। इसी बीच, एक मोटरसाइकिल से आये दो युवक हाथ में तेज़ाब से भरा कैन लेकर दूल्हे के रथ पर चढ़े और उस पर उड़ेल दिया। इस घटना में दूल्हा और उसके पास बैठे दोनों बच्चे गम्भीर रूप से झुलस गये। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सचिन बिन्द नामक व्यक्ति को संदेह के आधार पर पकड़ा और पूछताछ की।

दुल्हन के प्रेमी ने किया हमला

इस दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सभाजीत गौतम की बेटी से प्रेम करता है, मगर लड़की के परिवार के लोग उसकी शादी जबरन सुदामा गौतम से करा रहे थे। उसने बताया कि इसे रोकने के लिये उसने बारात में सुदामा पर हमला कराने की योजना बनायी और उसके दो दोस्तों -सचिन सिंह एवं युवराज सिंह- ने बारात में पहुंचकर दूल्हे सुदामा पर तेजाब उड़ेल दिया।

सिंह ने बताया कि इस मामले में सचिन बिंद और युवराज को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि सचिन की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि हमले में घायल दूल्हे सुदामा गौतम और दोनों बच्चों का इलाज वाराणसी के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में किया जा रहा है। दूल्हा का पूरा चेहरा और शरीर झुलसने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article