Lucknow: जन्मदिन पार्टी में खौफनाक हादसा; 13 वर्षीय छात्र की गोली लगने से मौत, परिवार में पसरा मातम

लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में 13 वर्षीय उनैस खान की मौत हो गई। घटना एलडीए कॉलोनी में सोमवार शाम साढ़े छह बजे हुई थी। पुलिस ने बताया कि पार्टी में मौजूद नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Lucknow News: लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में सोमवार शाम एक जन्मदिन समारोह के दौरान गोली लगने की दुर्घटना में 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, यह घटना एलडीए कॉलोनी के एक घर में साढ़े छह बजे हुई। ट्रांसपोर्ट नगर के निवासी उनैस खान (13) अपने तीन दोस्तों के साथ एक मित्र के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान एक अन्य लड़के ने घर में खड़ी कार से अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर दिखा रहा था। इसी दौरान गोली अनजाने में चल गई और उनैस की बाईं आंख पर लग गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़ा।

13-Year-Old Boy Dies After Accidental Shooting at Birthday Party in Lucknow (Symbolic Photo)

लखनऊ में बर्थडे पार्टी में गलती से गोली चलने से 13 साल के छात्र की मौत (सांकेतिक फोटो)

लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त

अधिकारियों के अनुसार, घायल लड़के को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त (लखनऊ दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि पार्टी में मौजूद तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, "उनैस के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" पुलिस ने यह भी बताया कि जन्मदिन मनाने वाले लड़के के पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और फील्ड यूनिट ने मौके से सभी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।

End of Feed