HAL Tejas Crash Dubai Airshow: दुबई एयर शो के दौरान शुक्रवार को एक भयंकर हादसा हुआ जब भारतीय लड़ाकू विमान HAL तेजस डेमो फ्लाइट के दौरान क्रैश हो गया। यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे तब हुई, जब विमान दर्शकों के सामने उड़ान का प्रदर्शन कर रहा था। भारतीय वायु सेना ने तेजस जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की और बताया कि इस हादसे में पायलट नमन स्याल (विंग कमांडर) की भी मौत हो गई। घटना के बाद भारतीय वायु सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है।
दुबई में HAL तेजस क्रैश में पायलट नमन स्याल की मौत (फोटो: PTI)
कांगड़ा जिले के रहने वाले थे पायलट नमन स्याल
हादसे में शहीद हुए पायलट की पहचान नमन स्याल के रूप में हुई, जो 37 वर्ष के थे और नागरोटा बगवान तहसील के पाटियालकध निवासी जगर्नाथ स्याल के पुत्र थे। वायु सेना ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी X (पूर्व Twitter) पर नमन स्याल की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि देश इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है और उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हार्दिक संवेदनाएं दीं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया और कहा कि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के वीर सपूत नमन स्याल के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने पायलट की बहादुरी, साहस और देशभक्ति की सराहना की।
एयर शो के लिए बड़ी संख्या में दर्शक थे मौजूद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेजस विमान उच्च गति से उड़ान भर रहा था कि अचानक नीचे गिरने लगा और एयरपोर्ट क्षेत्र में घना काला धुआं उठ गया। एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। विमान अपने शानादार मोड़ के दौरान अचानक नियंत्रण खो बैठा और कुछ ही सेकंड में जमीन से टकरा गया। टकराने के समय विमान में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसे वीडियो में अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर उठते काले धुएं में देखा जा सकता है।
