Delhi-Noida
दिल्ली में आज जनसभा और शोभायात्रा
दिल्ली में रामलीला मैदान में आज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक जनसभा होगी। जिसके बाद शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी, जो अजमेरी गेट, खारी बावली, सदर बाजार, फिल्मिस्तान और डीबी गुप्ता रोड से होकर अंबेडकर भवन तक जाएगी। जिसके चलते इन रास्तों पर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार मंगलवार को कई मुख्य रास्तों पर डायवर्जन लागू किया गया है। इनमें JLN मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, कुतुब रोड, रानी झांसी मार्ग और डीबी गुप्ता रोड शामिल हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर दिल्ली गेट और अजमेरी गेट जैसे इलाकों से भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई जा सकती है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाकर निकलें।
नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी
नोएडा में भी दलित प्रेरणा स्थल पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके चलते यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने कई रूट्स पर डायवर्जन लगाया है। ग्रेटर नोएडा से नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ज्यादा भीड़ होती है, तो वाहनों को सेक्टर-37 की तरफ मोड़ा जाएगा। वहां से गाड़ियां अट्टापीर, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगी। अगर दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-4 पर अधिक भीड़ होती है, तो फिल्मसिटी फ्लाईओवर से वाहनों को सेक्टर-18 की ओर भेजा जाएगा। वहीं नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वालों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।
पार्किंग की व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग के लिए भी खास इंतजामं किए हैं। हल्के वाहनों की पार्किंग दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के अंदर की जा सकेगी। दिल्ली से आने वाले लोग फिल्मसिटी की मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि कालिंदी कुंज की तरफ से आने वाली गाड़ियों के लिए सेक्टर-95 में पार्किंग का इंतजाम किया गया है। दिल्ली में भी केवल तय पार्किंग स्थानों पर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि जाम से बचने वे सावर्जनिक वाहनों जैसे बसों और मेट्रो का अधिक इस्तेमाल करें। किसी भी समस्या के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 भी जारी किया है। डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं जैसे फायर सर्विस और एंबुलेंस कोई रोक नहीं होगी।
