टीकमगढ़ : जिले में एक सरकारी स्कूल के भीतर हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के चार लोग बिना अनुमति विद्यालय परिसर में घुस गए और प्रार्थना कर रहे बच्चों को रोक दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने स्कूल के शिक्षकों को कथित तौर पर धमकाते हुए संस्कृत, विज्ञान और भूगोल जैसे विषय पढ़ाने से भी मना किया। आरोप है कि इन लोगों ने बच्चों से यह भी कहा कि ज्ञान की देवी सरस्वती नहीं हैं। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पूरा मामला टीकमगढ़ जिले के अमरपुर गांव स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, सुबह जब स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं प्रार्थना कर रहे थे, तभी गांव के चार लोग—हीरा अहिरवार, रोहित अहिरवार, अजय अहिरवार और सुरेश अहिरवार—कथित तौर पर बिना अनुमति विद्यालय परिसर में दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने बीच प्रार्थना में व्यवधान पैदा किया।
विद्यालय के स्टाफ ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों को ही धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि अगले दिन से स्कूल में ‘सुबह शाम करे ईश्वर का ध्यान’ प्रार्थना नहीं कराई जाएगी। इसके साथ ही स्कूल में किसी भी तरह की धार्मिक प्रार्थना और गायत्री मंत्र का पाठ कराने पर भी आपत्ति जताई।
आरोप है कि इन लोगों ने शिक्षकों से यह भी कहा कि वे बच्चों को संस्कृत, भूगोल और विज्ञान जैसे विषय न पढ़ाएं। इतना ही नहीं, उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से कथित तौर पर कहा कि ज्ञान की देवी सरस्वती नहीं हैं।
घटनाक्रम के दौरान स्कूल के स्टाफ ने स्थिति को देखते हुए प्रार्थना रुकवा दी और बच्चों को कक्षाओं में पढ़ाई के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद चारों लोग विद्यालय परिसर से बाहर चले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद टीकमगढ़ मुख्यालय से एसडीएम संस्कृति लटोरिया और तहसीलदार स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीणों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही, इस संबंध में बड़ागांव थाने को भी सूचित किया गया है।
