Gurugram Tank Accident: हरियाणा के गुरुग्राम में जेल रोड स्थित संधार कंपनी में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने के दौरान तीन मजदूर कथित तौर पर रसायन टैंक में गिरने के बाद बेहोश हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सांकेतिक फोटो (istock)
जहरीली गैस की चपेट में आए तीनों कर्मचारी
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गुरुग्राम निवासी नरेश कुमार (50) और बिहार के रहने वाले आरिफ (21) तथा अनिल झा (20) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर के आसपास हुई, जब तीन कर्मचारी संधार कंपनी के परिसर में काम कर रहे थे। उसने बताया कि तीनों कर्मचारी कथित तौर पर एक रसायन टैंक में गिर गए। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने के कुछ ही सेकेंड बाद तीनों की हालत बिगड़ गई और वे अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
कंपनी में सुरक्षा इंतजामों के बिना काम कराने का आरोप
घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों को टैंक से बाहर निकालकर तुरंत बादशाहपुर स्थित एकता अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए पार्क अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। भोंडसी पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार,कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए बिना कर्मचारियों से टैंक में काम करवाया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। शिकायत के आधार पर भौंडसी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा इंतजामों में क्या कमी थी, इसकी जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
