Unnao Accident: उत्तर प्रदेश के सड़क दुर्घटना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामला उन्नाव जिले से सामने आया है। यहां एक मोटरसाइकिल की टक्कर दूसरी मोटरसाइकिल से हो गई। इस सड़क दुर्घटना में तीन किशोरों की मौत की खबर सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मियांगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मिली थी। जहां एक बाइक सवार को गंभीर रूप से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया था।
एक परिवार के तीन किशोरों की मौत
क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ अरविंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे एक मोटरसाइकिल की दूसरी मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में जिन तीनों किशोरों की मौत हुई है वे सभी एक ही परिवार के थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान अभय (18), अभिषेक (15) और जय (12) के रूप में की। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल से टक्कर में ये तीनों किशोर सड़क पर गिर गए। उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। इन तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने ये भी बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल चला रहे सौरभ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां से पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली थी।
